खास बातें
चीन के वुहान शहर से फैला कोरोनावायरस भारत समेत दुनिया के 85 देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। इस वायरस के प्रभाव से दुनिया के विभिन्न हिस्सों में 3200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है वहीं लगभग 90 हजार लोग संक्रमित बताए जा रहे हैं। भारत में भी अब तक कोरोनावायरस के 30 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। कोरोना के खतरे से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने भी कमर कस ली है। यहां पढ़िए पल-पल की अपडेट:
लाइव अपडेट
10:47 AM, 06-Mar-2020
हिमाचल: निगरानी में रखे थाईलैंड के पांच पर्यटक भागे
धर्मशाला के एक होटल से थाईलैंड के पांच पर्यटक भाग गए। इन विदेशी पर्यटकों को स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार सुबह ही 28 दिन तक निरागनी में रखने के निर्देश दिए थे, लेकिन शाम करीब छह बजे पांचों पर्यटक होटल छोड़कर भाग निकले। होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। वीरवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता की अगुवाई में होटल पहुंची। सीएमओ ने बताया कि ट्रेवल हिस्ट्री के अनुसार पांचों पर्यटकों को 28 दिन निगरानी में रहने की हिदायत दी गई थी। पांचों पर्यटक संवेदनशील देश से पहुंचे थे।
10:45 AM, 06-Mar-2020
कोरोना से लड़ने की प्रतिबद्धता न दिखाने वाले देशों की सूची लंबी है: डब्ल्यूएचओ
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने गुरुवार को कहा कि बहुत से देश घातक कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सभी उपाय नहीं कर रहे हैं। डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रॉस ए गेब्रेयेसस ने जिनेवा में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि ऐसे देशों की सूची लंबी है जो उस स्तर की राजनीतिक प्रतिबद्धता नहीं दिखा रहे हैं जो इस खतरे से निपटने के लिए आवश्यक है।
10:43 AM, 06-Mar-2020
हिमाचल: कोरोना प्रभावित देशों के भ्रमण से लौटे विद्यार्थी 28 दिन तक नहीं जाएंगे स्कूल
कोरोना प्रभावित देशों से लौटे छात्रों और शिक्षकों को सरकार ने 28 दिन तक स्कूल न जाने के निर्देश दिए हैं। हिमाचल के निजी स्कूलों में दिसंबर से फरवरी व मार्च तक स्कूलों में छुट्टियां थीं। इस बीच, कई बच्चे, अभिभावक व शिक्षक प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण करने गए थे। छात्रों के अभिभावकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे भ्रमण की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दें। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि इस समय प्रदेश में 218 लोग प्रभावित देशों से हिमाचल आए हैं। उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से निगरानी में रखा गया है। इनमें 3 लोगों के सैंपल दिल्ली भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार तक आनी प्रस्तावित है।
10:42 AM, 06-Mar-2020
यूपी: फ्रांस से लौटा एयरलाइंस कर्मी हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती
कोरोनावायरस के अलर्ट के चलते फ्रांस से लौटे हमीरपुर के एक एयरलाइंस कर्मचारी को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। व्यक्ति खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गया था। चीन, दोहा और फ्रांस की यात्रा का जिक्र मिलने पर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी को सूचित किया।
10:40 AM, 06-Mar-2020
भारत-ईरान के बीच आज से विशेष विमान सेवा शुरू
ईरान के दूतावास ने गुरुवार को कहा कि अपने फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए तेहरान और नई दिल्ली के बीच शुक्रवार से विशेष उड़ानें शुरू होंगी। ईरान में 2000 से ज्यादा भारतीय फंसे हुए हैं। ईरान का कहना है कि हम उन्हें भारतीय अधिकारियों की मंजूरी के बाद ही वापस भेज सकते हैं। वहीं, ईरान भी भारत से अपने नागरिकों को वापस ले जाएगा। इसके लिए वह शुक्रवार को एक खाली विमान दिल्ली भेजेगा। राज्यमंत्री वी मुरलीधरण ने गुरुवार को कहा कि ईरान में फंसे भारतीय मछुआरों का स्वास्थ्य बेहतर हैं। उनकी आधारभूत जरूरतों का खयाल रखा जा रहा है। दूतावास उनके संपर्क में है।
10:40 AM, 06-Mar-2020
आधी रात एयरपोर्ट पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, तैयारियों का जायजा लिया
भारत में कोरोनावायरस से जंग के लिए केंद्रीय सरकार भी पूरी तरह तैयार दिखाई दे रही है। गुरुवार रात खुद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। वहीं उन्होंने स्क्रीनिंग समेत तमाम इंतजामों का जायजा लिया।
10:39 AM, 06-Mar-2020
दिल्ली सरकार ने बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर लगाई रोक
आरएमएल अस्पताल में खुलेआम ही संदिग्ध मरीजों की जांच हो रही थी जिसे लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हुए हैं। एक ओर जहां सरकार संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन को सबसे जरूरी मान रही है। वहीं उन्हीं के अस्पताल में अन्य मरीजों के साथ इनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने अपने सभी दफ्तरों में बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर भी रोक लगा दी है। सभी विभागों को आदेश जारी हुए हैं कि फिलहाल कर्मचारियों की उपस्थिति अस्थायी तौर पर रजिस्टर में दर्ज की जाएगी।
10:35 AM, 06-Mar-2020
सभी राज्यों को रैपिड एक्शन कमेटी गठित करने के निर्देश
इसके अलावा सभी राज्यों को आदेश रैपिड एक्शन कमेटी गठित करने और जिला कलेक्टर की निगरानी में ब्लॉक व ग्राम स्तर पर टीमें तैनात करने के निर्देश भी दिए हैं। देर शाम केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में दिल्ली के सभी निजी अस्पतालों के साथ कोरोना वायरस के प्रबंधन पर बैठक जारी है। सरकार ने निजी अस्पतालों से भी ऐसे हालातों से निपटने के लिए मदद मांगी है।
10:28 AM, 06-Mar-2020
कोरोनावायरस से दुनियाभर में 3200 से ज्यादा लोगों की मौत, आधी रात एयरपोर्ट पहुंचे डॉ हर्षवर्धन
चीन में घातक कोरोना वायरस से 30 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3,042 हो गई है। इसके अलावा वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 80,552 है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने कहा कि उसे बृहस्पतिवार को चीन में कोरोना वायरस के 143 नये मामलों और 30 से अधिक लोगों की मौत की जानकारी मिली है।
एनएचसी ने शुक्रवार को बताया कि 30 में से 29 मौत हुबेई प्रांत में जबकि एक व्यक्ति की मौत हेनान प्रांत में हुई। चीन में बृहस्पतिवार तक 80,552 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 3,042 लोगों की मौत हो चुकी है। 23,784 रोगियों का इलाज चल रहा है और 53,726 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
आयोग ने कहा कि बृहस्पतिवार को विदेश से आए 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 11 लोग गांसू प्रांत में, चार लोग बीजिंग में और एक व्यक्ति शंघाई में इस वायरस से संक्रमित पया गया है।आयोग ने बताया कि इसके साथ ही विदेश से आए पीड़ितों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है।